Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

पूर्व सीएम विजय रूपाणी के डीएनए का हुआ मिलान

  

sv news

अहमदाबाद।  एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर लगातार नए-नए अपडेट आ रहे हैं। हादसे में मृतकों का आंकड़ा 270 तक पहुंच गया है। इस बीच अहमदाबाद में सिविल अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि 32 शवों के डीएनए का मिलान हो गया है। 14 शवों को उनके संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है।

भाजपा विधायक रीता पटेल ने कहा कि हमारे पूर्व मुख्यमंत्री का डीएनए परीक्षण हो गया है। सैंपल का मिलान कर लिया गया है। इसका परिणाम भी सकारात्मक आ गया है। अब पार्थिव देह को राजकोट में उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद आगे के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। उत्तर गुजरात और केंद्रीय गुजरात के निवासियों को अपने नेता को अंतिम विदाई देने का मौका दिया जाएगा। पार्थिव देह को सिविल हॉस्पिटल से उनके परिवार को सौंपा जाएगा। इसके बाद हेलिकॉप्टर से सभी राजकोट के लिए रवाना होंगे।

रूपाणी के परिवार के सदस्यों को डीएनए मैच होने की जानकारी दी गई

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रूपाणी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें डीएनए मिलान के बारे में जानकारी दी। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, 'सीएम भूपेंद्र पटेल पूर्व सीएम विजय रूपाणी के आवास पर गए और उनके परिवार को बताया कि उनका डीएनए मिलान हो गया है। पटेल ने बताया कि अब तक करीब 45 डीएनए सैंपल का मिलान हो चुका है। 

सीएम ने परिवार को यह भी बताया है कि राजकोट में अंतिम संस्कार की आगे की कार्यवाही में राज्य सरकार उनका सहयोग करेगी। परिवार के सदस्य तय करेंगे कि वे उनका पार्थिव शरीर कब लेना चाहते हैं।' 

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का डीएनए मैच

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, 'गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया दुर्घटना के दौरान मृत्यु हो गई। आज सुबह करीब 11:10 बजे उनका डीएनए मैच हो गया है। उन्होंने कई वर्षों तक राज्य के लोगों के लिए काम किया।'

डीएनए परीक्षण के माध्यम से अब तक 32 पीड़ितों की पहचान

अहमदाबाद में लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के तीन दिन बाद अधिकारियों ने डीएनए परीक्षण के माध्यम से अब तक 32 पीड़ितों की पहचान की है और 14 के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के डीएनए मिलान की प्रक्रिया चल रही है।

कैसे बरामद किया गया ब्लैक बॉक्स?

अहमदाबाद के नगर आयुक्त बंछा निधि पाणि ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान ब्लैक बॉक्स को बरामद करना था। ब्लैक बॉक्स या तो आगे की तरफ होता है या पीछे की तरफ। सौभाग्य से इस मामले में पिछला हिस्सा नष्ट नहीं हुआ था और यह पहली इमारत में ही अटका हुआ था। AAIB टीम ने अनुरोध किया कि ब्लैक बॉक्स को बरामद करने के लिए क्रेन, मजदूर और इंजीनियर उपलब्ध कराए जाएं। इसके बाद ब्लैक बॉक्स बरामद किया गया।

वीडियो रिकॉर्ड करने वाले लड़के आर्यन असारी ने क्या कहा?

12 जून को एअर इंडिया की फ्लाइट 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले लड़के आर्यन असारी ने बताया कि मैं 12 जून को यहां आया था। विमान बहुत करीब से गुजर रहा था, इसलिए मैंने एक वीडियो शूट करने के बारे में सोचा ताकि मैं इसे अपने दोस्तों को दिखा सकूं। विमान नीचे की ओर चला गया, और मुझे लगा कि यह उतरने वाला है, क्योंकि हवाई अड्डा पास में ही था। जब यह नीचे गिरा, तो आग की लपटें उठने लगीं, और हमने देखा कि यह फट गया था। मैं डर गया। मैंने अपनी बहन को वीडियो दिखाया। मैंने अपने पिता को भी इसके बारे में बताया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad