उत्तर प्रदेश से राजस्थान तक 'दुल्हन ठग गैंग' का जाल, सात लोग गिरफ्तार
प्रयागराज (राजेश सिंह)। राजस्थान में कन्याओं की कमी का फायदा उठाकर कई गिरोह लोगों को निशाना बनाते आ रहे हैं। शादी का झांसा देकर पैसा ऐंठने के बाद रफूचक्कर हो जाने वाला ऐसा ही एक गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इसमें चार महिलाएं सहित कुल सात लोग शामिल हैं।
चारों महिलाएं दुल्हन बनकर सारा गहना और नगदी लेकर नौ-दो-ग्यारह हो जाती थीं। राजस्थान के अलवर जनपद के अकबरपुर थानांतर्गत डोबा निवासी गोपाल गुर्जर ने पिछले दिनों खुल्दाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी के बाद पुलिस की तीन टीम गठित हुई थी। इनमें महिला दारोगाओं को भी शामिल किया गया।
टीम ने सबसे पहले शहाना नाम की महिला को पकड़ा, उससे पूछताछ के बाद अन्य तीन महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से छह फर्जी आधारकार्ड, 35 हजार रुपये बरामद किए हैं।
गिरफ्तार लोगों में छह प्रयागराज के हैं, वहीं सातवां श्रीराम गुर्जर नाम का व्यक्ति राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के लोग फर्जी आधारकार्ड पर सारा खेल रचते और नकली मां-बाप, भाई-बहन भी तैयार रखते थे, सामने वाला इनके झांसे में आकर आसानी से धोखेधड़ी का शिकार हो जाता था।