प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी में 10 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। उसकी लाश घर से 200 मीटर दूर गुलाब के खेत में झाड़ियों के बीच मिली। बच्चे के होंठ और उंगली पर चोट के निशान हैं। वह शुक्रवार शाम 7 बजे घर से दुकान के लिए सामान खरीदने निकला था। इसके बाद से गायब था।
परिवार ने रात भर बच्चे की तलाश की। नैनी कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई। सुबह करीब 6 बजे खेत में काम करने वाले लोगों ने बच्चे का शव देखा। इसकी जानकारी तुरंत परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे की लाश देखते ही मां बेहोश होकर वहीं गिर पड़ीं।
घटना की सूचना पर नैनी पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया- मौके पर जो सबूत मिले हैं, उसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
नैनी थाना क्षेत्र के महेवा नई बस्ती के रहने वाले मोहन लाल उर्फ मनू भारतीय पत्थर-टाइल्स लगाने के मिस्त्री हैं। उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अरमान, दूसरा बेटा शरद और तीसरा बेटा संस्कार है। दूसरे नंबर का बेटा शरद (10) कक्षा चार में पढ़ता था। वह शुक्रवार की शाम करीब सात बजे घर से सामान लेने के लिए निकला था। इसके बाद से नहीं लौटा।
काफी देर बीतने के बाद बेटा घर नहीं लौटा तो मां मीना ने उसे खोजना शुरू किया। पिता भी गांव के कुछ लोगों के साथ देर रात तक बेटे को खोजते रहे। पूरा परिवार बेटे के लापता होने के बाद परेशान था। पिता ने नैनी कोतवाली में पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दी। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
गांव के लोगों ने घर से 200 मीटर की दूरी पर विद्यापीठ स्कूल के पास गुलाब की झाड़ियों के बीच बच्चे का शव देखा। उसकी पहचान करते हुए घर वालों को बताया। घर वालों ने पहुंचकर बेटे की शिनाख्त की।
मां मीना ने बताया- बेटे को अक्सर सामान लेने के लिए घर से भेज देते थे। कल रात भी ब्रेड और मेहंदी लेने के लिए भेजा था। वह सामान लेकर लौट आता था। लेकिन पता नहीं था, वह दुकान पर जाएगा फिर लौट कर घर नहीं आएगा। सुबह उसकी 6 बजे उसकी लाश मिलने की जानकारी मिली, तो भागते हुए मौके पर पहुंचे।
दादी सुमित्रा ने बताया- एक साल पहले नैनी में एक बारात में शामिल होने गए बड़े बेटे की भी हत्या कर दी गई थी। उसकी भी हत्या का आज तक कुछ पता नहीं चल सका। हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पोता तो सभी का बहुत दुलारा था।
मासूम का शव गुलाब के खेत में झाड़ियों के बीच पेट के बल लेटा हुआ मिला। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बच्चे के गले पर रस्सी का निशान हैं। खेत में काम कर रहे लोगों ने बताया कि बच्चे के शव का आधा हिस्सा ही दिख रहा था। बाकी का हिस्सा झाड़ियों में दबा था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया- बच्चे की हत्या की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। पहली टीम घर के आसपास सीसीटीवी खंगाल रही है। दूसरी घटना को लेकर जांच करेगी। वहीं तीसरी आरोपी की तलाश के लिए कई एंगल पर जांच करेगी।
ग्रामीणों की सूचना पर नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम और डॉग स्क्वायड टीम समेत मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ सबूत जुटाए हैं, इन्हें भी जांच में शामिल किया गया है।