Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

बदलेगा मौसम, रहें सतर्क, आईएमडी ने 29 अक्टूबर के आस-पास बूंदाबादी की जताई संभावना

sv news


प्रयागराज (राजेश सिंह)। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में जहां ठंड की दस्तक महसूस होने लगी थी, वहीं अब मौसम अचानक करवट ले चुका है। बीते दो दिनों से दिन और रात दोनों ही समय गर्मी और उमस ने एक बार फिर लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया है।

26 अक्टूबर तक तापमान नहीं गिरेगा

विशेषज्ञों का कहना है कि 26 अक्टूबर तक तापमान में गिरावट की संभावना कम है। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन ठंड की शुरुआत नवंबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार की तुलना में 1.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। रात का तापमान बढ़ने से लोगों को हल्की उमस का एहसास होने लगा है। जिन लोगों ने हल्की ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े निकाल लिए थे उन्हें फिलहाल इंतजार करना पड़ सकता है। 

सुबह हल्की धुंध, दोपहर में साफ आसमान

तापमान भले ही बढ़ा है पर मौसम में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। सुबह हल्की धुंध पड़ रही है। दोपहर में धूप खिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो 27 अक्टूबर तक सुबह धुंध या कोहासा रहने का अनुमान है जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा।

छाएंगे बादल, होगी बूंदाबांदी

29 अक्टूबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आंशिक बादल छाने के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।

क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वायुमंडलीय एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रो. शैलेंद्र कुमार राय ने बताया कि हाल ही में पूर्वी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे रात का तापमान बढ़ा है। 26 अक्टूबर के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वापसी की संभावना है, जिससे तापमान में कमी आएगी और ठंड फिर से महसूस होने लगेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad