प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में इस सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया है। रविवार की सुबह शहर घने कोहरे की चादर में पूरी तरह लिपटा नजर आया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर आम दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा।
बीते दो दिनों से कोहरे का असर लगातार बढ़ रहा है। शाम होते ही हल्की धुंध छाने लगती है, जो रात गहराने के साथ घने कोहरे में तब्दील हो जाती है और सुबह तक बनी रहती है।
कोहरे के साथ-साथ दिन में धूप की तीव्रता भी काफी कम हो गई है। धूप कमजोर पड़ने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठिठुरन और गलन का असर बढ़ गया है। सुबह और शाम के समय ठंड सबसे ज्यादा महसूस की जा रही है। लगातार बदलते मौसम के कारण लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
तापमान के आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 13° सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22° सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शनिवार को ठंड और बढ़ गई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 11° सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20°सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रात के समय तापमान और गिरकर न्यूनतम 8° सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे ठंड का असर रात को और बढ़ जाता है।
लोगों को आलाव का सहारा
घने कोहरे के कारण सुबह के समय यातायात भी प्रभावित रहा। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। प्रमुख चौराहों, सड़कों और गलियों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
