प्रयागराज (राजेश सिंह)। देश की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधार की अग्रदूत और नारी शिक्षा की प्रतीक सावित्रीबाई फुले की जयंती आज समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के एमएलसी डॉ मानसिंह यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई जब महिलाओं और दलितों को पढ़ने-लिखने से वंचित रखा जाता था। उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों, जातिवाद और पितृसत्ता के खिलाफ संघर्ष करते हुए न केवल लड़कियों के लिए स्कूल खोले, बल्कि समाज को बराबरी, न्याय और मानवता का संदेश दिया।
विधायक संदीप पटेल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन आज भी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के अधिकार की पक्षधर रही है। सावित्रीबाई फुले के विचार समाजवादी विचारधारा से मेल खाते हैं, क्योंकि उन्होंने शोषित-वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। आज के समय में जब शिक्षा के निजीकरण और महंगाई के कारण गरीब तबके के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, तब सावित्रीबाई फुले के संघर्ष और भी प्रासंगिक हो जाते हैं।
कार्यक्रम में प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि विधवा पुनर्विवाह, बाल विवाह और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई।महासचिव रविन्द्र यादव नेकहा कि उन्होंने समाज में फैली असमानताओं को खत्म करने के लिए उन्होंने लेखन और सामाजिक कार्य को हथियार बनाया। उनके द्वारा रचित कविताएं और लेख आज भी समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं।
गोष्ठी के दौरान उनके संघर्ष, उपलब्धियों और योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सावित्रीबाई फुले के दिखाए रास्ते पर चलकर शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाएं और भेदभाव के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करें।
अंत में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संकल्प लिया कि पार्टी सावित्रीबाई फुले के सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और तेज करेगी। कार्यक्रम का समापन “सावित्रीबाई फुले अमर रहें” और “शिक्षा से ही समाज बदलेगा” जैसे नारों के साथ हुआ।
इस मौके पर सर्व श्री एमएलसी डॉ मानसिंह यादव, विधायक संदीप पटेल, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, अमरनाथ मौर्य, लाल चंद्र कुशवाहा, रविन्द्र यादव एडवोकेट,योगेश यादव,कमला यादव, दान बहादुर मधुर, महबूब उस्मानी, अजय यादव, शांति प्रकाश पटेल, संगम लाल मौर्य,, मृत्युंजय पाण्डेय,कुलदीप यादव, आर एन यादव, नाटे चौधरी, संतोष यादव, महेन्द्र निषाद, राम आसरे पासी,आसुतोष दुबे, विकास सिंह, राजू पासी, सचिन श्रीवास्तव, श्रीमती चंचल पासी,सविन्द्र, दिलीप प्रजापति,त्रिभुवन यादव, भोला पाल, राकेश पाल, डॉ अरविन्द वर्मा, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।
