नगर निगम हर वार्ड में 1000 कंडे बांटेगा, मेयर ने कहा हरित होली मनाए
प्रयागराज (राजेश सिंह)। होली के पावन पर्व से पहले संगम नगरी में इस बार आस्था और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नगर निगम प्रयागराज ने निर्णय लिया है कि होलिका दहन को पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए शहर के प्रत्येक वार्ड में 1000-1000 गाय के गोबर से निर्मित कंडियों का वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लकड़ी के अत्यधिक उपयोग को कम करना, वृक्षों की कटाई रोकना और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाना है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, सभी वार्डों में पार्षदों और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कंडियों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि हर मोहल्ले में सामूहिक होलिका दहन पारंपरिक और हरित तरीके से संपन्न हो सके।
इस अभियान से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर गोबर से उत्पाद तैयार करने वाले समूहों को आर्थिक सहयोग भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर शहर के महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण का भी संदेश देती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे लकड़ी की जगह गोबर से बनी कंडियों का उपयोग कर ‘हरित होली’ के संकल्प को साकार करें।
कार्यक्रम में पशु कल्याण विभाग के अधिकारी डॉ. विजय अमृत राज भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गोबर से निर्मित कंडियां पूरी तरह प्राकृतिक होती हैं और इनके दहन से अपेक्षाकृत कम धुआं एवं हानिकारक तत्व निकलते हैं। इससे वायु गुणवत्ता बेहतर रहती है और धार्मिक परंपराओं का पालन भी सहज रूप से किया जा सकता है।
नगर निगम की यह पहल स्वच्छता, हरित वातावरण और जनभागीदारी के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस बार प्रयागराज में होलिका दहन आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश देगा।
