प्रयागराज (राजेश सिंह)। फतेहपुर से प्रयागराज के लिए रोडवेज बस में यात्रा कर रही एक महिला के ट्रॉली बैग से आठ लाख के जेवरात चोरी हो गए। महिला यात्री ने बस कंडक्टर और चालक पर जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रामबाग के आजाद नगर साउथ मलाका निवासी वंदना अग्रहरि पत्नी शुभम गुप्ता ने बताया कि 11 फरवरी को वह अपने देवर के साथ फतेहपुर से प्रयागराज के लिए निकली थी। आरोप है कि सफर के दौरान बस में जगह नहीं होने पर महिला यात्री का ट्रॉली बैग कंडक्टर ने अपने पास रख लिया।
शाम करीब चार बजे जब महिला हाईकोर्ट के पास बस से उतरी तो उसके ट्रॉली बैग का ताला टूटा था। आरोप है कि बस के कंडक्टर और चालक दोनों ने मिलकर उसके ट्रॉली बैग से जेवरात गायब कर दिए। शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।