प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न केवल पुलिस प्रशासन को बल्कि मानवता को भी झकझोर कर रख दिया है। बहरिया के गोपालपुर गांव के पास स्थित नहर में शनिवार सुबह एक अज्ञात दुधमुंहे बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस उम्र में बच्चे को मां की गोद में होना चाहिए था, उस उम्र में उसका नन्हा शरीर नहर के ठंडे पानी में उतराता मिला।
स्थानीय ग्रामीणों ने जब नहर के किनारे एक छोटे से बच्चे का शव देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। चश्मदीदों की मानें तो दृश्य इतना हृदयविदारक था कि हर किसी की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बहरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी फूलपुर ने घटनास्थल का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि
आज सुबह सूचना मिली थी कि गोपालपुर गांव के पास नहर में एक अज्ञात बच्चे का शव पड़ा है। पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया कि बच्चे की उम्र महज 3 महीने है। शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि मासूम का शव कहीं दूर से पानी के बहाव के साथ बहकर यहां आया है। हालांकि, ग्रामीण इसे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी मासूम की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह कौन अभागे माता-पिता हैं जिनका कलेजा इस कदर पत्थर का हो गया, या फिर यह किसी बड़े अपराध का हिस्सा है। पुलिस अब आसपास के थानों और जिलों में लापता बच्चों की सूची खंगाल रही है ताकि इस नन्हे फरिश्ते की पहचान की जा सके।
