Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मुख्यमंत्री योगी का निर्देश, मेट्रो परियोजनाओं से विकसित करें आय के नए स्रोत

sv news

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मेट्रो केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शहरी अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ ही निवेश आकर्षित करने का मजबूत माध्यम है। मेट्रो परियोजनाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आय के नए स्रोत विकसित किए जाएं। स्टेशनों और परिसरों में व्यवसायिक गतिविधियों खासकर मल्टीलेवल पार्किंग, रिटेल, फूड कोर्ट और आफिस स्पेस को बढ़ावा दिया जाए।

सोमवार को मेट्रो परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्य तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेट्रो की भूमि और अन्य परिसंपत्तियों का बेहतर ढंग से उपयोग किया जाए।

ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के माध्यम से आय बढ़ाने और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाए ताकि जिससे मेट्रो परियोजनाएं लंबे समय के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को आधुनिक, सुगम और विश्वस्तरीय शहरी परिवहन व्यवस्था में देश का अग्रणी राज्य बनाना हमारी प्राथमिकता है। निर्माण से लेकर संचालन तक हर स्तर पर दक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। मेट्रो रेल कारपोरेशन और संबंधित विभागों के बीच नियमित समन्वय बैठकें करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेट्रो के साथ मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाए। मेट्रो स्टेशनों को सिटी बस, ई-रिक्शा, टैक्सी और ऐप आधारित सेवाओं से जोड़ा जाए। तीनों शहरों में अतिरिक्त पार्किंग स्थलों के विकास, फीडर रूट के निर्धारण और निजी बस सेवाओं के समन्वय पर भी तेजी से काम हो।

बैठक में लखनऊ मेट्रो के बारे में बताया गया कि चारबाग से वसंत कुंज (कारिडोर-1बी, लगभग 11.16 किमी) को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को आधुनिक कनेक्टिविटी मिलेगी। कानपुर मेट्रो परियोजना के कुल 32.4 किलोमीटर लंबे दोनों कारिडोर का कार्य तेजी से चल रहा है।

लगभग 15 किलोमीटर सेक्शन पर मेट्रो संचालन प्रारंभ हो चुका है, शेष कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने की योजना है। आगरा मेट्रो की लगभग 29.4 किलोमीटर लंबी परियोजना में प्राथमिक सेक्शन (लगभग 6.5 किमी) पर संचालन जारी है, कारिडोर-एक को जून 2026 तक और कारिडोर-दो को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में टिकटों की बिक्री के अलावा विज्ञापन आदि से 222 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad