मांडा रोड, प्रयागराज (अनिल यादव)। क्षेत्र के बरहा कला इलाके में लोगों को बैंकिंग सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मिनी शाखा का शुभारंभ किया गया। बुधवार को मेजा विधायक संदीप पटेल ने फीता काटकर मिनी बैंक का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संदीप पटेल ने कहा कि इस मिनी बैंक के खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को अपने रुपये जमा करने और निकालने के लिए दूर-दराज के बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग नजदीकी मिनी बैंक में पहुंचकर आसानी से लेन-देन कर सकेंगे। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगा।
इस अवसर पर मिनी बैंक के संचालक अनुज बॉस ने विधायक सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बेहतर बैंकिंग सेवा देने का आश्वासन दिया।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विमल यादव ने कहा कि बरहा कला के आसपास के ग्रामीणों को रुपये की निकासी के लिए 8 से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी। मिनी बैंक के शुभारंभ से अब लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
