राज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय की टीम ने किया मानीकपुर ग्राम पंचायत का दौरा
सैदाबाद प्रयागराज (जितेंद्र शुक्ल)। प्रयागराज में जल जीवन मिशन की प्रगति और उसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों का आकलन करने के लिए राज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज की एक परियोजना टीम ने मानीकपुर ग्राम पंचायत का स्थलीय निरीक्षण और मूल्यांकन किया। अध्ययन का उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन की स्थिति को समझना तथा ग्रामीण आबादी पर उसके प्रभाव का आकलन करना था।
दौरे के दौरान टीम ने गांव की जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों, ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर योजना के संचालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के लागू होने से गांव में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, जिससे उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मानीकपुर ग्राम पंचायत में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी और पाइपलाइन नेटवर्क का निर्माण किया गया है। इस प्रणाली के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे क्षेत्र में जल जनित बीमारियों में भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें हैंडपंप या दूर स्थित जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। घर पर नल के माध्यम से पानी मिलने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर राज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज से प्रो. अशोक मौर्य और डॉ. कविता अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। जल जीवन मिशन की ओर से श्री रोमन अंसारी और जिला समन्वयक श्री अश्विनी श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। कार्यदायी संस्था एल एंड टी कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री शुभंकर सिल अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री हवलदार जी सहित ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
