प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में अवैध खनन और परिवहन पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत 102 वाहनों को सीज किया गया और 41.22 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।
यह अभियान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के नेतृत्व में गठित जनपद स्तरीय टास्क फोर्स टीम द्वारा चलाया गया। इसमें सभी तहसील स्तरों पर उप जिलाधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, परिवहन विभाग और खनन विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पिछले तीन से चार दिनों के भीतर कुल 119 अवैध खनन स्थलों पर जांच और छापेमारी की गई। इस दौरान 9 अवैध खनन स्थलों पर अवैध खनन में संलिप्त वाहनों और खननकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जनपद के विभिन्न स्थानों पर उपखनिजों का परिवहन कर रहे कुल 1624 वाहनों की जांच की गई। इनमें से ओवरलोड या बिना परिवहन प्रपत्र के पाए गए 102 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया गया। इसके अतिरिक्त, बिना नंबर प्लेट वाले 76 वाहनों पर भी सीज या चालान की कार्रवाई की गई।


