प्रयागराज (राजेश सिंह/श्रीकान्त यादव)। यमुनानगर इलाके में मेजा थाना क्षेत्र के बलूहा गांव स्थित टोंस नदी में गुरुवार सुबह किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहंचान मप्र के रहने वाले 16 वर्षीय अर्जुन शुक्ला के रूप में हुई है। नदी में डूबने से मौत हुई या फिर हत्या कर किसी ने लाश नदी में बहा दी, पुलिस इसकी तफ्तीश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मेजा थाना क्षेत्र के बलूहा स्थित टोंस नदी के किनारे गुरुवार सुबह ग्रामीण पहुंचे तो वहां एक किशोर का शव उतराता नजर आया। पलभर में भीड़ जुट गई। खबर पाकर मेजा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को नदी से बाहर निकलवाया गया। किशोर के कपड़ों की तलाशी ली गई तो आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान 16 वर्षीय अर्जुन शुक्ला पुत्र रामाशंकर शुक्ला निवासी चाकघाट, रीवा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि मृतक के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। घरवालों के आने के बाद ही और जानकारी मिलेगी। पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत नदी में डूबने से हुई या कोई और वजह थी।
