प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहरी इलाकों और नगर निगम सीमा क्षेत्र में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद अच्छी और राहत भरी खबर है। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का दायरा बढ़ाया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव और संचालन के लिए बमरौली में नया ठिकाना मिल गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को बमरौली में जमीन मिल गई है, जहां एक नया और अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही बमरौली में एक नया बस अड्डा भी बनाया जाएगा, जिससे इसी जगह से बसों का सुचारू संचालन शुरू हो सकेगा।
वर्तमान में परिवहन निगम की कुल 29 बसें दौड़ रही हैं। वहीं, सिटी बस के रूप में 50 बसों का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। शहर में बढ़ती आबादी और यात्रियों की मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रयागराज को 28 नई बसों का एक और बड़ा बेड़ा जल्द ही मिलने जा रहा है। जबकि नगर विकास विभाग की ओर से अलग-अलग चरणों में कुल 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को प्रयागराज की सड़कों पर उतारने की तैयारी है।
जब शहर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में इतनी वृद्धि होगी तो उनके लिए चार्जिंग प्वाइंट और स्टेशनों की जरूरत भी बढ़ेगी।
शहर का पहला चार्जिंग स्टेशन नैनी में सफलतापूर्वक काम कर रहा है। इसके अलावा दूसरा चार्जिंग स्टेशन लीडर रोड डिपो में बना हुआ है, जबकि जीरो रोड डिपो में तीसरे चार्जिंग स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि बमरौली में बनने वाला यह स्टेशन प्रयागराज का चौथा चार्जिंग स्टेशन होगा, जिससे शहर के पश्चिमी छोर से बसों के संचालन और उनकी चार्जिंग में काफी आसानी होगी।
