Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज मंडल में असुरक्षित कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 10 संस्थान सील


SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)।
लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) क्षेत्र में 22 जून 2026 को एक कोचिंग/एनीमेशन सेंटर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना, जिसमें 15 विद्यार्थियों की दुःखद मृत्यु हुई, के बाद शासन द्वारा प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं नियामकीय मानकों की व्यापक जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर प्रयागराज मंडल के सभी जनपदों में विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग एवं शैक्षणिक संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। अब तक जनपद प्रयागराज एवं कौशाम्बी में कुल 10 संस्थानों को सील किया जा चुका है, जबकि मंडल के अन्य जनपदों सहित 52 से अधिक कोचिंग एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है।

जांच के दौरान अनेक संस्थानों में गंभीर सुरक्षा एवं नियामकीय अनियमितताएं पाई गईं। अधिकांश संस्थानों के पास अग्निशमन विभाग का वैध अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं था। कई स्थानों पर आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था नहीं पाई गई, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती थी। इसके अतिरिक्त कई संस्थानों में अग्निशमन यंत्र अनुपयोगी अथवा उनकी वैधता अवधि समाप्त पाई गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अनेक संस्थान स्वीकृत भू-उपयोग एवं भवन मानचित्र के विपरीत संचालित हो रहे थे। कुछ स्थानों पर सुरक्षा एवं वेंटिलेशन संबंधी आवश्यक प्रावधानों की अनदेखी करते हुए बेसमेंट में अवैध रूप से कक्षाएं तथा लाइब्रेरी संचालित की जा रही थीं। कई संस्थानों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाया जा रहा था, जिससे आपात स्थिति में भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी, खुले एवं असुरक्षित विद्युत तार, धुआं निकासी की अपर्याप्त व्यवस्था तथा वेंटिलेशन की कमी जैसी गंभीर खामियां भी सामने आईं।अभियान के दौरान यह भी परिलक्षित हुआ कि कुछ संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की अपेक्षा व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।

मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोचिंग संस्थानों की सतत जांच जारी रखी जाए तथा मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मानकानुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस उद्देश्य से अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

जनपद प्रयागराज में सील किए गए संस्थान

खान ग्लोबल कोचिंग संस्थान, सिविल लाइन्स खान आईएएस कोचिंग, सिविल लाइन्स पितृ छाया कोचिंग एवं राव आईएएस, सिविल लाइन्स स्टेनली रोड क्षेत्र स्थित कंप्यूटर इंस्टीट्यूट एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट

जनपद कौशाम्बी में सील किए गए संस्थान

कौशाम्बी डिजिटल लाइब्रेरी, मंझनपुर
मास्टर स्टडी, मंझनपुर डिजिटल क्लासेज, मंझनपुर अशोका लाइब्रेरी, भरवारी यूनिक क्लासेज, चायल शारदा डिजिटल लाइब्रेरी, कोरों रोड

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad