प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगापार में नवाबगंज थाना क्षेत्र के सराय जयराम गांव में बुधवार देर रात एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में निजी शिक्षण संस्थान के छप्परनुमा कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना से लोगों में सनसनी फैल गई। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
युवक की पहचान धर्मवीर पुत्र लाल बहादुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से इटावा जिले के पटियाली क्षेत्र का निवासी था। शादी के बाद करीब पांच वर्षों से अपनी ससुराल सराय जयराम गांव में रह रहा था। एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था।
धर्मवीर की पत्नी पूजा के अनुसार धर्मवीर बुधवार रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह जिस विद्यालय के छप्परनुमा कमरे में शव मिला, वह मृतक के घर से करीब 200 फीट की दूरी पर स्थित है। नवाबगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक धर्मवीर के परिवार में पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
