प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के बहरिया थाना क्षेत्र के अतनपुर गांव से पड़िला स्थित पांडेश्वर नाथ धाम मंदिर में निशान चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप डाला बृहस्पतिवार दोपहर करीब 11:20 बजे गांव से निकलने के कुछ ही देर बाद अतनपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार श्रद्धालु निशान लेकर पांडेश्वर नाथ धाम पड़िला मंदिर जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर ओवरटेक के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप डाला सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से वाहन के नीचे दबे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए दोनैया स्थित पटेल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
हादसे में रंजना देवी (40 वर्ष), आशू, विनय कुमार, संजू, अर्चना पटेल, विमल पटेल, कोमल पटेल, काजल पटेल, खुशी पटेल, रिया पटेल, सुमन पटेल, अर्चना, चंदा और रूपा सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों की तत्परता और समय पर किए गए राहत एवं बचाव कार्य से सभी घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका।
