एक दिन पहले पत्नी विवाद कर चली गई थी मायके
मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस चौकी अंतर्गत रामनगर (माता का पूरा) में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां 32 वर्षीय युवक आलोक श्रीवास्तव पुत्र साकेत श्रीवास्तव अपने घर के आखिरी कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस चौकी के दरोगा धीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मृतक आलोक की पत्नी काजल श्रीवास्तव एक दिन पहले पति से लड़ाई-झगड़ा कर अपने मायके चली गई थी। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया।
मृतक के दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
