प्रयागराज (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिनों तक चलने वाली सिपाही की परीक्षा के लिए जिले में 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 98,064 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 16,344 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थी वाराणसी, मेरठ, लखनऊ, बाराबंकी, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर, कानपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, बलिया समेत विभिन्न जिलों से पहुंचेंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह रोक है। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र और पेन के साथ ही प्रवेश मिलेगा। केंद्रों पर बैग और अन्य सामान रखने के लिए क्लॉसरूम की व्यवस्था भी की गई है।
परीक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं। एसटीएफ की विशेष टीमें परीक्षा केंद्रों समेत अन्य जगहों से संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखेंगी। पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीमें बनाई गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी 24 घंटे नजर रखी जा रही है। फर्जी प्रश्नपत्र, भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभ्यर्थी समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें। प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटो पहचान पत्र और हालिया पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो अवश्य साथ रखें। नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
मरम्मत कार्य के चलते प्रयागराज-वाराणसी मार्ग को जोड़ने वाले शास्त्री पुल की एक लेन बंद किया गया है। ऐसे में यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वह संभावित जाम और विलंब को ध्यान में रखते हुए तय से समय से कुछ देर पहले घर से निकलें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
