Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मेजा की बेटी ने रचा इतिहास: कक्षा 9 की सिद्धी पाण्डेय ने टेनिस में किया टाप

SV News

प्रदेश में पहला और ऑल इंडिया में दूसरा स्थान किया हासिल

मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। प्रयागराज के मेजा तहसील क्षेत्र के  उरुवा विकासखण्ड के शुकुलपुर गांव की बेटी और नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रही सिद्धी पाण्डेय ने टेनिस कोर्ट पर अपनी मेहनत से पूरे प्रदेश और देश में नाम रोशन किया है। कक्षा नौवीं की छात्रा सिद्धी ने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) की प्रतियोगिता में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया, वहीं राज्य स्तर पर पहला स्थान अपने नाम कर प्रयागराज का गौरव बढ़ाया है।
सिद्धी, पिता संजीव पाण्डेय और माता नीतू पाण्डेय की बेटी हैं। मूल निवास शुकुलपुर, तहसील मेजा, जनपद प्रयागराज है, लेकिन पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए परिवार फिलहाल नोएडा में रहता है। छोटी उम्र से ही सिद्धी को खेल के प्रति जुनून था। स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ रोजाना घंटों अभ्यास कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
इस सफलता के पीछे उनकी कोच शालिनी ठाकुर की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन सबसे बड़ी ताकत बना। शालिनी ठाकुर ने बताया, "सिद्धी अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित खिलाड़ी है। विपरीत परिस्थितियों में भी उसने हार नहीं मानी। प्रदेश में पहला और ऑल इंडिया में दूसरा आना उसके निरंतर अभ्यास का नतीजा है।"
परिवार ने भी सिद्धी के सपने को पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग किया। पिता संजीव पाण्डेय ने कहा कि बेटी ने गांव और जनपद का नाम ऊंचा किया है। हमें गर्व है कि हमारी बेटी पढ़ाई के साथ खेल में भी प्रदेश और देश स्तर पर पहचान बना रही है।
सिद्धी की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही शुकुलपुर और मेजा क्षेत्र में खुशी की लहर है। सिद्धि के मामा पत्रकार पंकज पाण्डेय सहित स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए कहा कि सिद्धी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेगी। सिद्धी का सपना है कि वह एक दिन भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं में खेलकर तिरंगा लहराए। अभी वह पढ़ाई और अभ्यास दोनों पर बराबर ध्यान दे रही है। प्रयागराज के मेजा की इस बेटी ने साबित कर दिया कि लगन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से गांव की मिट्टी से निकलकर भी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad