प्रयागराज (राजेश सिंह)। अवैध रूप से अर्जित की गई माफिया अतीक अहमद, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन, भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ, उस्मान अहमद व अफरोज अहमद की लगभग 345 करोड़ रुपये की 34 संपत्तियों को पिछले दिनों ही जब्त किया गया था। यह कार्रवाई गैंग्सटर एक्ट के तहत पुलिस व प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से की गई थी।
पूर्व में कुर्क हो चुकी हैं संपत्तियां
अब इन जब्त संपत्तियों की निगरानी के लिए उच्चाधिकारियों की विशेष कमेटी गठित की गई है, जिसमें दो आइएएस, चार पीसीएस तथा एआइजी स्टांप को शामिल किया गया है। ये संपत्तियां डीएम के निर्देश पर पहले ही कुर्क की जा चुकी हैं। इनमें प्रयागराज के अलावा लखनऊ व कौशांबी जिले की भी संपत्तियां शामिल हैं।
फूलपुर में सबसे अधिक कीमत की जमीन जब्त
फूलपुर तहसील के झूंसी इलाके के हवेलिया में सबसे ज्यादा कीमत की 123.48 करोड़ रुपये की जमीन को जब्त किया गया है। यहां दो भूखंड हैं। पहला भूखंड अतीक के पिता व भाई उस्मान व अफरोज के नाम था। दूसरा भूखंड अतीक के भाई उस्मान के नाम पर था। दूसरी सबसे महंगी जमीन 76 करोड़ रुपये की सदर तहसील के रहिमाबाद, अकबरपुर मिर्जापुर व शाहा उर्फ पीपलगांव की जब्त की गई है, जो अतीक व उसकी पत्नी के नाम थी।
लखनऊ में भी करोड़ों के प्लाट जब्त हैं
इसी तरह लखनऊ के भैसोरा में अतीक के नाम पर 30.60 करोड़ रुपये का भूखंड, लखनऊ में ही शेरवानी नगर, फैजुल्लागंज में अतीक के नाम का आठ करोड़ रुपये का प्लाट जब्त किया गया है। लखनऊ के विजयंत नगर में चार करोड़ रुपये का भूखंड जब्त हुआ है। कौशांबी में चायल तहसील के रसूलाबाद उर्फ कोईलहा में अतीक के नाम की 24 करोड़ रुपये की जमीन भी जब्त हुई है।
प्रयागराज में 6 मकान भी जब्त किए गए हैं
शहर में खुल्दाबाद के चकिया, कर्बला, सुल्तानपुर भावा, करेली के गौस नगर व करेली स्कीम में लगभग 20 करोड़ रुपये के छह मकानों को भी जब्त किया गया है। चकिया, खुल्दाबाद, ओमप्रकाश सभासद नगर, सिविल लाइंस, खुल्दाबाद के कर्बला में 18 करोड़ रुपये कीमत के छह मकान जब्त हुए हैं। सदर तहसील के देवघाट झलवा में 4.30 करोड़, कसारी-मसारी में 14.60 करोड़, झूंसी के कटका में चार करोड़, नसीरपुर सिलना में 2.15, झूंसी के कटका में पांच करोड़, करेली के एनुद्दीनपुर में 10 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई है।
कब्जा व बिक्री पर ये कमेटी विशेष नजर रखेगी
पुलिस व प्रशासन की जांच रिपोर्ट के मुताबिक ये संपत्तियां माफिया ने कब्जा कर नाम करा लिया था। इन संपत्तियों की निगरानी के लिए डीएम के निर्देश पर गठित निगरानी कमेटी में पीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, एडीएम सिटी, एडीएम वित्त एवं राजस्व, मुख्य राजस्व अधिकारी, एसडीएम सदर तथा एआइजी स्टांप को शामिल किया गया है। कब्जा व बिक्री पर ये कमेटी विशेष नजर रखेगी।
अवैध रूप से बनाई गईं माफिया व उसके परिवार की संपत्तियों को जब्त किया गया है। अब इन संपत्तियों की निगरानी के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है। इन संपत्तियों की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई है।
- मनीष कुमार वर्मा, डीएम प्रयागराज
मौत के बाद अतीक के 13 खातों में थे 1.14 करोड़ रुपये
अतीक अहमद की हत्या के बाद उसके 13 बैंक खातों में 1.14 करोड़ रुपये थे। ये धनराशि चालू खातों में थी। इन खातों को जिला प्रशासन ने सील कराकर धनराशि जब्त कर लिया है।