मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का मंगलवार को मेजा विकास खंड के सिडखिड़ी गांव में आगमन हुआ। उनके आगमन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेश शुक्ल ने उनसे मुलाकात कर जनहित से जुड़े 8 महत्वपूर्ण मुद्दों पर मांगपत्र सौंपा।
श्री शुक्ल ने कहा कि मेजा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। डिप्टी सीएम ने मांगपत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।
मांगपत्र में उठाए गए प्रमुख बिंदु
1. बंद कताई मिल की जगह नई औद्योगिक इकाई
मेंजा की बंद हो चुकी कताई मिल की खाली जमीन पर अविलंब नई औद्योगिक इकाई स्थापित की जाए। ऐसी इकाई हो जो स्थानीय युवाओं को अधिकतम रोजगार दे सके।
2. ग्रामीण न्यायालय के लिए प्रस्तावित भवन
मेजा तहसील परिसर में ग्रामीण न्यायालय शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसके लिए प्रस्तावित भवन का निर्माण भी तहसील परिसर के पास ही कराया जाए, ताकि अधिवक्ताओं और वादियों को सुविधा रहे।
3. धार्मिक स्थलों का विकास
माण्डा स्थित माण्डवी देवी मंदिर, वाराही पाटा मंदिर, बोलन महादेव और सिधहकर पहहीं महादेव मंदिर परिसरों में जन सुविधाओं का विकास कराया जाए।
4. टोंस-बेलन नदी की स्वच्छता और घाट निर्माण
टोंस एवं बेलन नदियां गंगा की प्रमुख सहायक नदियां हैं। इनकी स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए तटीय गांवों का विशेष निरीक्षण कराया जाए और आवश्यक शौचालयों व पक्के घाटों का निर्माण कराया जाए।
5. मेजारोड-कोहडार घाट के बीच पीएचसी
मेजारोड से कोहडार घाट के बीच कोई सरकारी चिकित्सालय नहीं है। इस क्षेत्र में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की कृपा की जाए।
6. टडहर गांव के ऐतिहासिक तालाब का जीर्णोद्धार
माण्डा के टडहर गांव के ऐतिहासिक तालाब को व्यवस्थित किया जाए। यह तालाब जल संरक्षण का बड़ा स्रोत बन सकता है।
7. कोरांव क्षेत्र के लिए सिंचाई योजना
कोरांव क्षेत्र के पाल एरिया के लिए एक व्यापक सिंचाई योजना तैयार कराई जाए, जिससे किसानों को लाभ मिल सके।
8. मेजारोड पर यात्री सुविधाएं
मेजारोड हजारों यात्रियों के आने-जाने का प्रमुख स्थान है। यहां एक सार्वजनिक शौचालय और यात्री विश्राम गृह का निर्माण कराया जाए।
स्थानीय लोगों में उत्साह
नेता योगेश शुक्ल ने कहा कि यदि ये मांगें पूरी होती हैं तो मेजा क्षेत्र में रोजगार, स्वास्थ्य, न्याय और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। स्थानीय लोगों ने भी उपमुख्यमंत्री के दौरे और मांगपत्र को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
