मेजा, प्रयागराज (राजेश सिंह/श्रीकान्त यादव)। मंगलवार को एम.बी. पैलेस एंड रिजार्ट सिरखिडी, मेजा में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री ने यहां कार्यकर्ताओं से सीधी मुलाकात की और स्वयं सहायता समूह की सखियों के साथ आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर उन्हें संबोधित किया।
हेलीकाप्टर का कार्यक्रम रद्द, सड़क मार्ग से पहुंचे उप मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर क्षेत्र के हनुमानगढ़ चौराहे पर बने हेलीपैड पर उतरना था। प्रशासन ने सुरक्षा और स्वागत की तैयारियां भी पूरी कर ली थीं। लेकिन अंतिम समय में हेलीकाप्टर का कार्यक्रम निरस्त हो गया। इसके बाद केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज से सड़क मार्ग द्वारा कार से सीधे मेजा पहुंचे।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
उप मुख्यमंत्री के मेजा पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां कर रखी थीं। मेजारोड स्थित डीजीएस गेस्ट हाउस में भाजपा नेता इंद्र देव शुक्ला "राजू भैया" के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया। वहीं मेजारोड चौराहे पर भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य श्यामराज यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और उप मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
समूह सखियों से किया संवाद, सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
एम.बी. पैलेस एंड रिजार्ट सिरखिडी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की सखियों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसीपी मेजा ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में थाना प्रभारी मेजा नितेंद्र शुक्ला, थाना प्रभारी कौंधियारा कुलदीप शर्मा, थाना प्रभारी लालापुर, थाना प्रभारी कोरांव शैलेंद्र सिंह सहित यमुनानगर जोन की पुलिस फोर्स तैनात रही। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर यातायात और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।
उप मुख्यमंत्री के इस दौरे से मेजा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि इस तरह के संवाद से संगठन और मजबूत होगा और जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार और तेज होगा। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी के डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को बताया और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने 2027 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।
इस मौके पर विधायक कोरांव राजमणि कोल, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक राजबली जैसल, पूर्व विधायक कलक्टर पाण्डेय, भाजपा के वरिष्ठ नेता योगेश शुक्ला, भाजपा नेता इन्द्र देव शुक्ला राजू भैया, जिलाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद यमुनापार ईंजी नित्यानंद उपाध्याय, भाजपा नेता सुशील मिश्रा, भाजपा नेता जयशंकर पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मेजा गंगा प्रसाद मिश्र, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मेजा मुन्नन शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मांडा अशोक सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उरुवा पप्पू गौतम, भाजपा नेता श्यामराज यादव, भाजपा नेता शैलेश पाण्डेय, भाजपा नेता अमरेश तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष कोरांव ओमप्रकाश केशरी, मुकेश कोल ब्लॉक प्रमुख कोरांव, अखिलेश मिश्रा सहित भारतीय जनता पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
