Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज में भाजपा ब्लॉक प्रमुख पर रंगदारी, अपहरण और बंधक बनाकर पिटाई का आरोप, एफआईआर दर्ज

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। फूलपुर के भाजपा ब्लॉक प्रमुख विपेंद्र सिंह पटेल और उनके साथियों के खिलाफ जॉर्जटाउन थाने में रंगदारी, अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। सरायइनायत निवासी पानी सप्लायर हिमांशु सिंह ने आरोप लगाया कि वह अल्लापुर स्थित वाटर प्लांट से पानी सप्लाई का कारोबार करते हैं और ब्लॉक प्रमुख काफी समय से कारोबार चलाने के एवज में हर महीने 10 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे थे।
तहरीर के अनुसार, 14 जुलाई को विपेंद्र सिंह ने बातचीत के बहाने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया। वहां कमरे में बंद कर मोबाइल छीन लिया गया, पासवर्ड पूछकर फोन की जांच की गई और रुपये देने का दबाव बनाया गया। शाम को आरोपी अपने साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की कार से पहुंचे और कर्मचारियों को धमकाते हुए हिमांशु का अगवा कर लीलापुर रोड स्थित एक फार्महाउस ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि वहां बेल्ट, डंडों, जूतों और पिस्तौल की बट से बेरहमी से मारपीट की गई तथा दोबारा रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में त्रिवेणीपुरम गेट के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। परिजन घायल हिमांशु को अस्पताल ले गए। पीड़ित की तहरीर पर जॉर्जटाउन पुलिस ने आरोपी ब्लॉक प्रमुख विपेंद्र सिंह पटेल समेत कई अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad