Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

तेज रफ्तार का कहर: प्रयागराज में दुकानों से टकराते हुए दो बार पलटी कार, हादसे में दो की मौत

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। अरैल सेल्फी प्वाइंट के समीप रविवार की रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार कार दो दुकानों व बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए पलट गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत छह लोग घायल हो गए। जिसमें तीन की हालत नाजुक बताई जाती है। सभी को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अरैल स्थित सेल्फी प्वाइंट के समीप रविवार रात करीब नौ बजे कई दुकानें लगी थीं। लोगों की भीड़ भी थी। उसी समय शहर की तरफ से तेज रफ्तार से आई कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मारते हुए एक ठेले और गुमटी को चपेट में ले लिया।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि गुमटी को टक्कर मारते हुए वह दो बार सड़क पर पलटी। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ क्षण बाद लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो गुमती में बैठे अरैल निवासी गोलू निषाद का बेटा ईशान, आरव निषाद के साथ ही यहीं का रहने वाले गुड्डू निषाद का बेटा किशन निषाद गंभीर रूप से घायल थे।
दोनों बाइक सवार भी लहूलुहान पड़े थे। कार चालक व बगल में बैठा युवक भी गंभीर रूप से जख्मी थे। एक अन्य युवक भी सड़क पर तड़प रहा था। खबर पाकर नैनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने 14 वर्षीय आयुष निषाद उर्फ किशन पुत्र गुड्डू निषाद व 35 वर्षीय टीटू उर्फ विजय भारतीय निवासी जहांगीराबाद को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, अन्य घायलों का इलाज चल रहा है, जिसमें आरव व कार में सवार शिवम यादव, अमित यादव की हालत नाजुक बताई जा रही है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि कार नंबर के आधार पर उसके मालिक का मोबाइल नंबर पता किया गया। उस पर फोन लगाने पर मालूम चला कि कार जौनपुर के रहने वाले शिवम यादव की है।
शिवम भी घटना में घायल हुआ है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि दो सप्ताह पूर्व तटबंध मार्ग धंस गया था, जिससे वहां करीब 15 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। गड्ढे को पाटने के लिए वहां भारी मात्रा में गिट्टी गिराई गई है। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारते हुए गिट्टी पर चढ़ गई और फिर एक के बाद एक कई को चपेट में ले लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad