प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के गंगानगर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर सड़क हादसा हुआ। नवाबगंज थाना क्षेत्र के मेंडारा गांव के सामने 20 अगस्त को देर रात नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लिया और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू की।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के बारी नया पुरवा निवासी 28 वर्षीय पुनीत कुमार यादव उर्फ सोनू तीन दिन पहले गांव आया था। 20 अगस्त की देर रात वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के टिकरा गांव स्थित अपने ननिहाल से घर लौट रहा था। टिकरा गांव में ही उसका ननिहाल और ससुराल दोनों हैं। मेंडारा गांव के सामने हाईवे पर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी पुलिस के माध्यम से स्वजन को हुई तो वे मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सीएचसी कौड़िहार ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पुनीत को मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा मैना यादव ने बताया कि पुनीत का बचपन से ही टिकरा गांव में आना-जाना रहा और उसका काफी समय यहीं बीता था। वह पूना में निजी कंपनी में नौकरी करता था।
