ओबरा, सोनभद्र (राजेश सिंह)। शुक्रवार को नए थाना प्रभारी नागेश कुमार सिंह ने क्षेत्र में पुलिसिंग को मजबूत करने के क्रम में नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, यातायात और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रियता का जायजा लिया।
थाना प्रभारी ने अपराध नियंत्रण के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, यातायात व्यवस्था और आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने के संकेत दिए। पुलिस टीम की मौजूदगी से नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सकारात्मक संदेश गया।
बताते चलें कि नागेश सिंह इससे पहले सोनभद्र में SOG/सर्विलांस प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इससे पूर्व वे पिपरी और जुगैल थाने के प्रभारी भी रह चुके हैं। अब ओबरा की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी विशेष कार्रवाई के अनुभव के साथ स्थानीय स्तर पर प्रभावी पुलिसिंग और प्रशासनिक अनुशासन पर नजर रहेगी।
