प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के करछना थाना क्षेत्र के कैथी गांव में बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू और बांस के डंडे वाला पत्थर का डंबल बरामद किया गया है।
मोबाइल देखने से मना करने पर हुई थी हत्या
थानाध्यक्ष करछना रणविजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी रघुनंदन द्विवेदी पुत्र कृष्णावतार द्विवेदी, निवासी ग्राम कैथी, उम्र 42 वर्ष को दिनांक 22.09.2026 को उसके घर के पास स्थित खेत से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मंगलवार को वह कैथी चौराहे पर देशी शराब पीकर घर आया था। घर पर उसका बड़ा बेटा *अभिषेक द्विवेदी (18 वर्ष)* मोबाइल देख रहा था। उसने बेटे से मोबाइल न देखने और पढ़ाई करने के लिए कहा, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
आरोपी ने बताया कि गुस्से में आकर उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से बेटे पर वार कर दिया। बेटा जमीन पर गिरकर तड़पने लगा तो पास में रखे पत्थर के डंबल, जिसमें बांस की लकड़ी लगी थी, को उठाकर उसके सीने पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
इस संबंध में मृतक के दादा और वादी मुकदमा कृष्णावतार द्विवेदी पुत्र स्व. केवला प्रसाद की तहरीर पर थाना करछना में *मु0अ0सं0 317/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रणविजय सिंह के साथ का. सागर कुमार, का. मुकेश कुमार यादव, म.का. रम्भा, म.का. रागिनी यादव, म.का. प्रतीक्षा और म.का. शिखा शामिल रहीं।
