Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मांडा में बाढ़ से हजारों बीघा धान की फसल बर्बाद, 53 हजार की आबादी प्रभावित

SV News

मांडारोड, प्रयागराज (अनिल यादव)। प्रयागराज के मेजा तहसील क्षेत्र के मांडा में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बरहा कला, मसौली, ढिलिया, उंटी सहित कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने से किसानों की हजारों बीघा धान की फसल डूबकर बर्बाद हो गई है। बाढ़ से करीब 53 हजार की आबादी प्रभावित हुई है।

जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बरसात का पानी खेतों में भर गया और धान की तैयार फसल पूरी तरह डूब गई। किसानों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने कई बार जल निकासी की समस्या को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया था, लेकिन समाधान नहीं हो सका।

ग्राम पंचायत बरहा के प्रधान राजेश्वर यादव ने लिखित सूचना देकर सांसद उज्ज्वल रमन सिंह को स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सांसद उज्ज्वल रमन सिंह सोमवार शाम करीब 4 बजे प्रभावित इलाके में पहुंचे। उन्होंने अहोपुर नाला का खुद मौके पर जाकर निरीक्षण किया और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सांसद निधि से एक नए नाले के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण के बाद जल निकासी की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी और किसानों को बाढ़ से राहत मिलेगी।

सांसद के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में कुछ उम्मीद जगी है। किसानों ने मांग की है कि बर्बाद हुई फसल का सर्वे कराकर उचित मुआवजा भी दिया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad