प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी व आरपीएफ की कार्रवाई
प्रयागराज (राजेश सिंह)। पीठ पर टंगा पिठू बैग, कंधे पर सामान्य झोला और चाल-ढाल किसी आम कॉलेज छात्र या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा जैसी। पहली नजर में कोई सोच भी नहीं सकता था कि इन साधारण से बैगों में किताबों के बजाय शराब की पूरी 'दुकान' पैक है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों की सतर्कता ने बिहार में शराबबंदी के बाद पनपे इसी नए और चालाक तस्करी नेटवर्क की पोल खोल दी है। पुलिस ने प्रयागराज जंक्शन से दो ऐसे ही युवा तस्करों को दबोचकर 60 हजार रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जीआरपी थाना प्रभारी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर चार-पांच पर भारी बैग लादे दो संदिग्ध युवक के बैग खुलवाए गए तो उनमें नामी ब्रांडों की 40 बोतलें और 142 टेट्रा पैक करीने से ठूंसकर भरे गए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओंकार कुमार यादव और रजनीश कुमार यादव, निवासी रुस्तमपुर (सालिमपुर, पटना) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि सिंडिकेट के आका अब बड़े कंटेनरों के बजाय ऐसे बेरोजगार युवाओं को ''कूरियर बाय'' बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। ये युवक यूपी से सस्ते दामों पर शराब खरीदते हैं और छात्रों का हुलिया बनाकर ट्रेन के जरिए पटना पहुंचते ही इस खेप को ''होम डिलीवरी'' करते हैं। दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
