Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज में नेहरू पार्क को मिनी सफारी में बदला जाएगा: 30 हेक्टेयर में होगा विकास, पर्यटन बढ़ाने के लिए हीरण और पक्षी भी लाए जाएंगे

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में पर्यटन एवं मनोरंजन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय नागरिकों एवं यहाँ आने वाले पर्यटकों को बेहतर मनोरंजन सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेहरू पार्क को मिनी सफारी के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने डिप्टी जीओसी, पूर्वा यूपी-एमपी सब एरिया, ब्रिगेडियर नवनीत डगर, नगर आयुक्त श्री साईं तेजा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज, डीईओ, कैंट बोर्ड एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ नेहरू पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने पार्क के प्राकृतिक स्वरूप, भू-आकृति एवं उपलब्ध क्षेत्रफल का जायजा लेते हुए इसके विकास की संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। लगभग 30 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विस्तृत इस पार्क को मिनी सफारी के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत पार्क का उपयोग केवल सफारी के उद्देश्य से किया जाएगा। इसके लिए प्रवेश प्लाजा एवं मड ट्रैक विकसित किए जाएंगे। साथ ही, हिरण एवं पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को यहाँ लाने की योजना है। बच्चों के ज्ञानवर्धन तथा प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति उनकी समझ विकसित करने के लिए शैक्षिक प्रदर्शनी एवं अन्य ज्ञानवर्धक प्रदर्श भी स्थापित किए जाएंगे। इन सभी कार्यों की विस्तृत रूपरेखा डीपीआर में निर्धारित की जाएगी।

परियोजना को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए पार्क का ड्रोन के माध्यम से स्थलाकृतिक सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके आधार पर सेना एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के मध्य संयुक्त समझौता ज्ञापन (एमओयू) तैयार किया जाएगा। इसमें दोनों संस्थाओं की भूमिका, उत्तरदायित्व एवं कार्यों से संबंधित शर्तें आपसी समन्वय से निर्धारित की जाएंगी। इसके पश्चात वन विभाग के विशेषज्ञों तथा इस क्षेत्र में अनुभव रखने वाले विशेषज्ञों की सहायता से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी, जिसके आधार पर विकास कार्यों की रूपरेखा एवं क्रियान्वयन की योजना निर्धारित होगी।

SV News

मंडलायुक्त ने पार्क के प्राकृतिक स्वरूप एवं प्रस्तावित सफारी की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त वनस्पति विकसित करने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) से आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा। साथ ही, सेना की संबंधित इकाइयों से भी परियोजना के विकास एवं क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के समन्वय से प्रस्तावित कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

पार्क के विकास के साथ-साथ उसके दीर्घकालिक संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। पार्क का विकास एवं अनुरक्षण प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। इसके संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) के लिए पार्क से प्राप्त राजस्व का उपयोग किया जाएगा, ताकि विकसित सुविधाओं का नियमित रखरखाव एवं संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

मंडलायुक्त ने पार्क की वर्तमान स्थिति में सुधार लाने के लिए झील एवं संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा झील में गिरने वाले नालों की टैपिंग कराते हुए जल के समुचित शोधन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, झील से जलकुंभी हटाने, आवश्यक वनस्पतियों की छंटाई तथा पूरे परिसर की साफ-सफाई के कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। इन कार्यों से पार्क के पर्यावरणीय स्वरूप में सुधार लाने तथा प्रस्तावित विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ तैयार करने में सहायता मिलेगी।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग एवं संस्थाएँ आपसी समन्वय से प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाएँ, जिससे नेहरू पार्क को एक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad