Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

दिव्यांग बच्चों में 352 सहायक उपकरणों का हुआ वितरण

sv news


प्रयागराज  (राजेश सिंह)।  दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी शैक्षिक एवं दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की मंशा के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल की गई। बुधवार को जनपद प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र के समस्त विकास खंडों के दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय हथिगहां में किया गया। शिविर में 352 सहायक उपकरण वितरित कर बच्चों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य एवं विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक समेकित शिक्षा  विकास पाण्डेय के संयोजन में किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में सितंबर 2026 में आयोजित परीक्षण एवं मापन शिविर के दौरान एलिम्को, कानपुर की तकनीकी टीम ने चिन्हित दिव्यांग बच्चों को उनकी व्यक्तिगत आवश्यकता एवं दिव्यांगता के प्रकार के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। उपकरण के लिए चिन्हित 261 बच्चों को, वितरित उपकरणों में 18 ट्राईसाइकिल, 61 व्हीलचेयर, 03 सीपी चेयर, 03 ब्रेल किट, 124 टीएलएम किट, 03 सुगम्य केन, 82 हियरिंग एड तथा 29 बैसाखी (क्रचेज) शामिल हैं। इस प्रकार 352 सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इन बच्चों में भी अपार प्रतिभा और क्षमताएं हैं। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित ऐसी कल्याणकारी योजनाएं दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सशक्त बनाना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक दिव्यांग बच्चे को उसकी आवश्यकता के अनुरूप सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध हों, जिससे वह बिना किसी बाधा के शिक्षा प्राप्त कर सके और अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सके। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण केवल बच्चों की शारीरिक कठिनाइयों को कम करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को प्रोत्साहित करें तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें।

जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पाण्डेय ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं का समय से आकलन कर उन्हें उपयुक्त सहायक उपकरण उपलब्ध कराना समावेशी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का निरंतर प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांग बच्चा शैक्षिक सुविधाओं एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील कि वह बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उपलब्ध कराए गए उपकरणों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे बच्चे शिक्षा के साथ-साथ जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में पार्षद आरती मौर्य ने अपना सहयोग प्रदान किया। शिविर के सफल आयोजन में जय सिंह प्रधानाध्यापक एवं विनय कुमार का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर अनिल पाण्डेय, रघुवंश जय प्रकाश शुक्ला,सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी- कर्मचारी, विशेष शिक्षक (स्पेशल एजुकेटर्स), अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सहायक उपकरण प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली। अभिभावकों ने भी इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। निश्चित रूप से यह शिविर दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी शारीरिक कठिनाइयों को कम करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक सार्थक और सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad