Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

वलीमा की दावत या 2027 की बिसात?

sv news

संभल में एक मंच पर दिखे सैफई परिवार के 4 बड़े चेहरे, अखिलेश के एक कदम ने बढ़ाई हलचल

संभल। बहजोई में वलीमा की दावत थी, लेकिन जमावड़ा सियासत का रंग ले गया। एक ओर सैफई परिवार के प्रमुख चेहरे एक साथ नजर आए तो दूसरी ओर मुरादाबाद से रामपुर और बदायूं से बुलंदशहर तक के सपाइयों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सपा मुखिया अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद आदित्य यादव और अक्षय यादव की मौजूदगी ने मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया।

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले इस जमावड़े के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। खासकर संभल की उस राजनीतिक जमीन के संदर्भ में, जहां मुलायम सिंह यादव ने गुन्नौर से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अपनी ताकत का अहसास कराया था।

वलीमा के बहाने जुटे इन चेहरों ने पुराने सियासी रिश्तों, संगठनात्मक एकजुटता और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी।मौका राज्यसभा सदस्य जावेद अली खान के बेटे अरम अली खान के दावत-ए-वलीमा का था।

मगर आयोजन में सपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने इसे क्षेत्रीय राजनीति का अहम जमावड़ा बना दिया। सैफई परिवार के चार प्रमुख चेहरों का एक साथ पहुंचना भी खास रहा।

अखिलेश यादव के साथ प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद आदित्य यादव और अक्षय यादव की मौजूदगी ने पार्टी के भीतर पारिवारिक और राजनीतिक एकजुटता की तस्वीर पेश की।

मुरादाबाद, रामपुर, संभल, मेरठ, बदायूं और बुलंदशहर के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इस जमावड़े का दायरा और बढ़ा दिया। संभल की सियासत में मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपना महत्व रहा है।

वर्ष 2004 में उन्होंने गुन्नौर विधानसभा सीट के उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस जीत ने गुन्नौर को राष्ट्रीय राजनीति में पहचान दिलाई। वहीं, प्रो. रामगोपाल यादव भी संभल लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में नेताजी के संभल से पुराने रिश्तों और यहां की जनता से मिले सम्मान का जिक्र भी किया। ऐसे में बहजोई में सैफई परिवार के प्रमुख चेहरों का जुटना केवल एक पारिवारिक उपस्थिति नहीं, बल्कि मुलायम की राजनीतिक विरासत को याद करने और क्षेत्र में पार्टी के पुराने जुड़ाव को रेखांकित करने के तौर पर भी देखा जा रहा है।

संभल जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। संभल सदर से इकबाल महमूद, गुन्नौर से रामखिलाड़ी यादव और असमोली से पिंकी यादव विधायक हैं।

युवाओं से हाथ मिलाया, लाल गमछा पहनाकर बढ़ाया जुड़ाव

हेलीकाप्टर से उतरकर कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय अखिलेश यादव का युवाओं से संवाद भी चर्चा में रहा। उन्होंने रास्ते में मिले युवाओं से हाथ मिलाया और बातचीत की। कुछ युवाओं को लाल गमछा पहनाया।

सपा की राजनीति में लाल गमछा पार्टी की पहचान का प्रतीक रहा है। ऐसे में युवाओं के साथ अखिलेश की यह सहज मुलाकात संगठन की नई पीढ़ी से जुड़ाव के संदेश के रूप में देखी गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad