प्रयागराज कमिश्नरेट में बड़े फेरबदल की तैयारी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ दिनों में यहां से एक आईपीएस और पांच पीपीएस अधिकारियों का तबादला हो चुका है। बुधवार को प्रदेश में 10 आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी हुई। इसमें प्रयागराज में तैनात एडीसीपी गंगानगर एवं ट्रैफिक पुष्कर वर्मा का नाम भी शामिल है। उन्हें फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इससे पहले प्रयागराज कमिश्नरेट से पांच सहायक पुलिस आयुक्त भी दूसरे जिलों में भेजे जा चुके हैं। लगातार हो रहे इन तबादलों के बाद कमिश्नरेट में कई अहम पदों पर नई तैनाती की जरूरत होगी। खासकर फील्ड में तैनात अधिकारियों की जगह नए अफसरों को जिम्मेदारी सौंपना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती होगी।
गंगानगर और ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे पुष्कर
2021 बैच के आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा प्रयागराज में एडीसीपी गंगानगर और ट्रैफिक के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह एडीसीपी सिटी और एसीपी धूमनगंज का चार्ज भी संभाल चुके हैं।
गंगानगर जोन में तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में भूमिका निभाई। नवाबगंज में एक घर के नीचे दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये की बरामदगी भी उनके नेतृत्व में हुई थी। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई काफी चर्चा में रही थी।
अब उनके तबादले के बाद गंगानगर और ट्रैफिक की जिम्मेदारी किस अधिकारी को मिलेगी, इस पर नजर रहेगी।
5 एसीपी के तबादले से खाली हुईं फील्ड की अहम कुर्सियां
पुष्कर वर्मा से पहले प्रयागराज कमिश्नरेट से पांच एसीपी का भी गैरजनपद तबादला हो चुका है। इनमें धूमनगंज, सोरांव, कर्नलगंज और थरवई जैसे महत्वपूर्ण सर्किलों में तैनात अधिकारी शामिल हैं। एसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारी का भी तबादला किया गया है। इन अधिकारियों को जल्द रिलीव किया जा सकता है। ऐसे में कमिश्नरेट में एक साथ कई महत्वपूर्ण पद खाली होने की स्थिति बन गई है। इन सर्किलों में नए अधिकारियों की तैनाती करनी होगी।
प्रयागराज से इन पुलिस अधिकारियों का हुआ तबादला
इससे पहले प्रदेश में 144 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इनमें डीएसपी-एसीपी और पीएसी के अधिकारी शामिल थे। उस सूची के तहत प्रयागराज से कुल छह अधिकारियों को दूसरे जिलों और इकाइयों में भेजा गया था, जबकि चार अधिकारी दूसरे जिलों से प्रयागराज आए थे।
प्रयागराज से तबादला किए गए अधिकारियों की लिस्ट देखिए-
रवि कुमार गुप्ता को गोंडा भेजा गया।
सुनील कुमार सिंह-द्वितीय को अंबेडकरनगर भेजा गया।
विवेक यादव को लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया।
श्यामजीत प्रमिला सिंह को पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया।
अजेन्द्र यादव को बुलंदशहर भेजा गया।
चौथी वाहिनी च्।ब् प्रयागराज में सहायक सेनानायक रहीं अनुष्का का तबादला मुरादाबाद किया गया। लगातार हो रहे इन तबादलों के बाद अब प्रयागराज कमिश्नरेट में नई तैनातियों का इंतजार है।
