घटना का कारण अस्पष्ट
मांडा, प्रयागराज (शशिभूषण द्विवेदी)। घर से चार किमी दूर खुद के खेत के पास महुआ के पेड़ की डाल में रस्सी से लटका ट्रक व ट्रांसपोर्ट मालिक का संदिग्ध हालात में शव देख किसानों ने परिजनों व मांडा पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर मांडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए यसआरयन प्रयागराज भेजा। घटना को लेकर परिजनों ने फिलहाल समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के तिसेन तुलापुर गांव निवासी अनिल कुमार तिवारी 29 वर्ष पुत्र शिव मणि तिवारी गुरुवार दोपहर घर से निकले । गुरुवार देर रात तक उनकी पत्नी पूजा व परिजन उनके तीनों मोबाइल पर फोन करते रहे , लेकिन फोन नहीं उठा। शुक्रवार सुबह घर से चार किमी दूर देवरी पहाड़ के समीप उनके खेत के महुआ के पेड़ में रस्सी से लटका उनका शव देख ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों व 112 पुलिस को दी। सूचना पर 112 पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और मांडा थाने को घटना की सूचना दी। सूचना पर थाने के दरोगा व प्रभारी थानाध्यक्ष आशुतोष विक्रम पुलिस कर्मियों संग घटना स्थल पर पहुंचे। पेड़ से लटकी संदिग्ध लाश देख पुलिस ने प्रयागराज से फोरेंसिक टीम बुलाई। लाश के समीप एक पहाड़ी पत्थर पर अनिल के दो मोबाइल व एक चार्जर रखे थे। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अनिल दो भाइयों में छोटे थे तथा भोपाल में अपनी ट्रकों सहित ट्रांसपोर्ट का काम देखते थे । घटना के समय उनके पिता शिवमणि तिवारी कटनी मध्य प्रदेश और बड़े भाई सुनील कुमार तिवारी कानपुर थे। सूचना पर वे दोनों भी गांव वापस लौट रहे हैं। अनिल की चार साल पहले पूजा तिवारी से मिर्जापुर जनपद के लोहरौट बरौंधा में हुई थी , लेकिन अभी कोई संतान नहीं है। भाई व पिता के बाहर होने के कारण अभी पुलिस को घटना की तहरीर नहीं मिल पायी है। प्रभारी थानाध्यक्ष आशुतोष विक्रम ने बताया कि पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट तथा तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।
