पीड़ित वृद्ध की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हनुमानगंज, प्रयागराज (जितेन्द्र शुक्ल)। प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र के बगई खुर्द गांव में पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कृष्णमूर्ति मिश्रा का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी कब्जे की जमीन पर गांव के ही बृजेश मिश्रा, शिवराम मिश्रा, रामचंद्र मिश्रा पुत्रगण राममूरत मिश्रा तथा आयुष मिश्रा, प्रिंस मिश्रा सहित अन्य लोग 24 नवंबर 2026 को एकराय होकर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर विपक्षी गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कृष्णमूर्ति मिश्रा को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर बेहोश हो गए।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनकी पुत्री कोमल मिश्रा को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि विपक्षियों ने घर में मौजूद आठ वर्षीय बच्चे को भी पीटा, जिससे उसकी आंखों में चोट आई। पीड़ित पक्ष ने विपक्षियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनी ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में वृद्ध कृष्णमूर्ति मिश्रा की नामजद तहरीर पर सराय इनायत पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
