राहगीरों का सड़क पार करना आसान-सुरक्षित होगा
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के दो व्यस्त मार्गों पर सड़क पार करना अब पैदल राहगीरों के लिए आसान और सुरक्षित हो सकेगा। नगर निगम की ओर से सेंट मेरी इंटर कॉलेज के सामने और बांगड़ धर्मशाला के पास फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की तैयारी की जा रही है। दोनों पुलों की चैड़ाई पांच मीटर से अधिक रखी जाएगी। सेंट मैरी स्कूल के सामने करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा। बांगड़ धर्मशाला के पास एफओबी का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है।
सेंट मैरी कॉजेज के सामने एफओबी का बनेगा डीपीआर
सेंट मैरी कॉजेज के सामने एफओबी निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि जल्द ही डीपीआर तैयार कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि निर्माण एजेंसी के चयन और काम शुरू होने की समय सीमा अभी निर्धारित नहीं हुई है।
जाम से मिलेगी मुक्ति
सेंट मेरी कॉलेज की छुट्टी के समय यहां अभिभावकों के वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। बच्चों के सड़क पार करने और वाहनों की आवाजाही के कारण लोक सेवा आयोग चैराहे से आजाद पार्क के गेट नंबर तीन तक जाम की स्थिति बनती है। यह मार्ग एयरपोर्ट रोड को संगम से जोड़ता है। एफओबी बनने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को सड़क पार करने के लिए सुरक्षित रास्ता मिलेगा। साथ ही वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित नहीं होगी।
पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी
उधर, बांगड़ धर्मशाला के पास सड़क पार करना भी राहगीरों के लिए चुनौती बना रहता है। नगर निगम करीब चार महीने पहले यहां सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार कर चुका है, लेकिन प्रस्ताव को अभी शासन की मंजूरी नहीं मिली है। कुंभ और माघ मेला के दौरान इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में एफओबी बनने से पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।
सड़क पार करने में होती है परेशानी
नए यमुना पुल के समीप भी फुटओवर ब्रिज की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। यहां दिनभर जाम के कारण एंबुलेंस तक फंस जाती हैं। हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। सड़क पार करने के लिए लोगों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। रात में नो इंट्री खुलने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही से खतरा और बढ़ जाता है। इस स्थान पर सड़क पार करते समय कई हादसे भी हो चुके हैं। ऐसे में यहां भी पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए एफओबी की आवश्यकता है।
बोले लोग
सेंट मेरी स्कूल के पास फुटओवर ब्रिज बनने से राहगीरों को सड़क पार करने में आसानी होगी। जाम और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
- बीआर चैरसिया,शांतिपुरम
सेंट मेरी इंटर कालेज के पास फुटओवर ब्रिज बनने से स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह जरूरी कदम है।
- भाष्कर शुक्ला,अल्लापुर
बांगड़ धर्मशाला के पास वाहनों का दबाव अधिक रहता है। फुटओवर ब्रिज बनने से लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार नहीं करनी पड़ेगी।
- सूर्यभान, नैनी
फुटओवर ब्रिज बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। प्रशासन को निर्माण के साथ लिफ्ट और रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए।
- राजेश चैरसिया चंद्रलोक के पास
