Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मदनलाल बोले- पंत को 2027 वर्ल्ड कप टीम में रखे

sv news

उन्हें बाहर रखना गलती होगी, वे कभी खराब फॉर्म में नहीं रहे

नई दिल्ली। 1983 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ी मदन लाल ने ऋषभ पंत को 2027 वनडे वर्ल्ड कप की टीम में शामिल करने की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि सिलेक्टर्स को पंत को टीम से बाहर रखने की गलती नहीं करनी चाहिए। पंत जैसे काबिल खिलाड़ी को जगह मिलनी चाहिए।

पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 153 रन की शानदार पारी खेली थी। मदन लाल ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि पंत कभी खराब फॉर्म में नहीं रहे। उन्होंने वनडे और टी-20 टीम में पंत को जगह नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए।

मदन लाल बोले- समझ नहीं आया पंत बाहर क्यों हैं

मदन लाल ने आगे कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि पंत को भारत के वनडे और टी-20 सेटअप से बाहर क्यों रखा गया है। हो सकता है कि किसी समय फिटनेस चिंता की वजह रही हो, लेकिन उनकी क्षमता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

मदन लाल ने पहले टेस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा- ‘सिराज अपनी लंबाई की वजह से अतिरिक्त उछाल हासिल कर सकते हैं। पहले टेस्ट की पिच पर अच्छा बाउंस मिल रहा था और ऐसे में सिराज उपयोगी साबित हो सकते थे।’

कौन हैं मदन लाल?

मदन लाल का पूरा नाम मदन लाल उधौराम शर्मा है। वे भारत के पूर्व बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 1974 में इंग्लैंड दौरे से इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा।

वे 1983 में भारत की पहली वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थे। फाइनल में उन्होंने वेस्टइंडीज के 3 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

उन्होंने भारत के लिए 39 टेस्ट और 67 वनडे खेले। संन्यास के बाद वे भारतीय टीम के कोच और नेशनल सिलेक्टर भी रहे।

पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 153 गेंदों पर 153 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चैके और 6 छक्के शामिल रहे। हालांकि, न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला ड्रॉ करा लिया।

इस शतक के साथ पंत (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के चारों देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए। साथ ही वे विदेशी सरजमी में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर भी हैं।

पहला टेस्ट ड्रॉ, 27 नवंबर से दूसरा मुकाबला

भारत-न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा। न्यूजीलैंड पहली पारी में 368 रन बना सकी थी। जवाब में भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की थी। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर में 5 विकेट पर 239 रन बनाए।

सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के टॉप-2 में जगह बनाने की उम्मीदें कायम रखने के लिए यह मैच जीतना जरुरी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad