नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने अपनी होने वाली पत्नी और सपा सांसद प्रिया सरोज को जन्मदिन पर खास अंदाज में बधाई दी। सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने आने वाले दिनों को और खास बताया। रिंकू और प्रिया की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ में होनी है, जबकि शादी के बाद अलीगढ़ में रिसेप्शन की तैयारी है।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच सोमवार (23 नवंबर) को प्रिया सरोज अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर रिंकू सिंह ने अपनी होने वाली पत्नी को सोशल मीडिया पर खास अंदाज में बधाई दी। उनकी इस पोस्ट ने एक बार फिर दोनों की शादी को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।
रिंकू ने दी प्रिया सरोज को बधाई
रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, श्जन्मदिन की बधाई प्रिया। इस बार का बर्थडे खास है और आने वाले दिन उससे भी ज्यादा।श् रिंकू के इस संदेश को उनकी शादी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
4 दिसंबर को लखनऊ में होगी रिंकू और प्रिया की शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख 4 दिसंबर तय बताई जा रही है। दोनों का विवाह समारोह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाडा होटल में आयोजित होगा। इससे पहले 8 जून 2025 को दोनों ने सगाई की थी। अब परिवार और करीबियों की मौजूदगी में दोनों अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करेंगे। प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। इस साल वह अपना 28वां जन्मदिन मना रही हैं।
अलीगढ़ में होगा रिसेप्शन, कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की चर्चा
शादी के बाद रिंकू सिंह के गृह क्षेत्र अलीगढ़ में रिसेप्शन आयोजित किए जाने की तैयारी है। इस कार्यक्रम के लिए शहर के कुछ प्रमुख होटलों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें यश रेजीडेंसी, पारस ज्योति और गोल्डन स्टोन जैसे होटल शामिल हैं। हालांकि, रिसेप्शन के आयोजन स्थल को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इस शादी में क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान जैसे चर्चित नामों को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, इन हस्तियों की मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स में खेल रहे हैं रिंकू सिंह
शादी की तैयारियों के बीच रिंकू सिंह क्रिकेट के मैदान पर भी व्यस्त हैं। वह एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस टूर्नामेंट का आयोजन कतर की राजधानी दोहा में किया जा रहा है। हालांकि, शुरुआती मुकाबलों में रिंकू का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में रिंकू की कोशिश आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने की होगी।
