जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। चुनाव परिणामों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तस्वीर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ से सामने आई है। दोनों ही जगह भाजपा के मुकाबले कांग्रेस आगे रही है।
सीकर जिले में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के तीन लोगों को करारी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, यहां इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि पंचायत चुनाव पार्टी के बजाय स्थानीय मुद्दों पर ज्यादा लड़े जाते हैं। इसमें स्थानीय समीकरण ज्यादा प्रभावी रहते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह जिले भरतपुर में जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज नौ सीटें मिलीं। एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खाते में गई। जिले के भुसावर में कांग्रेस ने 11, निर्दलीयों ने सात और भाजपा ने एक सीट जीती, जबकि रूपवास में भाजपा और कांग्रेस को सात-सात तथा निर्दलीयों को नौ सीटों पर जीत मिली है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ जिले के आठ नगर निकायों में से चार झालावाड़, भवानी मंडी, खानपुर और डग में कांग्रेस को बहुमत मिला, जबकि भाजपा को तीन निकायों झालरापाटन, अकलेरा और मनोहर थाना में जीत मिली। झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस ने 29 और भाजपा ने 13 सीटें जीती थीं। यहां पंचायत चुनावों में भाजपा का पिछड़ना पार्टी के लिए चिंता का विषय है।
मंत्री की पत्नी और दोनों बेटे हार गए
सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड संख्या 17 से भाजपा प्रत्याशी थीं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी सरिता देवी ने 51 वोटों से पराजित किया। उनके छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा को कांग्रेस प्रत्याशी भैरूलाल वर्मा ने 60 वोटों से हरा दिया। वहीं, बड़े बेटे दुर्गा सिंह भी चुनाव नहीं जीत सके।
सीकर की अजीतगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को तीन और एक सीट आरएलपी को मिली।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रभाव वाले झोटवाड़ा में भी भाजपा पिछड़ी
उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रभाव वाले झोटवाड़ा में भी भाजपा को पंचायत समिति की 15 सीटों में से केवल एक सीट मिली। चूरू में भी कांग्रेस ने जिला परिषद की 39 में से 21 सीटें जीतकर भाजपा को पीछे छोड़ दिया। जयपुर जिले में कांग्रेस ने 22 पंचायत समितियों में से 14 में बहुमत हासिल किया। भाजपा को केवल दो पंचायत समितियों में बहुमत मिला, जबकि सांगानेर में आरएलपी ने बढ़त बनाई है।
कांग्रेस 33 तो भाजपा सिर्फ चार जिलों में रही आगे
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने पंचायत समिति की कुल 3,701 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा के खाते में 2,181 सीटें आईं। वहीं, जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 599 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा को 301 सीटें मिलीं।
जिलावार नतीजों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने 37 जिलों में से 33 जिलों में पंचायत समिति की सीटों पर भाजपा से अधिक जीत हासिल की। वहीं, भाजपा केवल चार जिलों अजमेर, बालोतरा, सलूंबर और उदयपुर में आगे रही।
जनता ने भाजपा सरकार के जाने का दिया संकेत: गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस को भारी जीत दिलाकर भाजपा सरकार को संकेत दे दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है। गहलोत ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर और महिलाएं भाजपा सरकार की वादाखिलाफी से परेशान हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जनादेश किया स्वीकार
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जनादेश स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी परिणामों की समीक्षा कर भविष्य की रणनीति तय करेगी। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के त्याग-पत्र की मांग कर रहे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को चुनाव प्रक्रिया पर बार-बार सवाल उठाने के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
