सरकार को कई विपक्षी पार्टियों का मिला समर्थन
नई दिल्ली। डीएमके, शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट और वाईएसआरसीपी के समर्थन से परिसीमन विधेयकों के लिए बढ़ते समर्थन के बीच, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लोकसभा की अधिकतम संख्या को 550 से बढ़ाकर 850 करने के लिए विधेयक को मंजूरी दे दी है।
इसमें प्रत्येक राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों में 50 फीसदी की एक समान वृद्धि का प्रस्ताव है, जबकि 2051 तक सीटों की संख्या में संशोधन के लिए किसी भी नए परिसीमन पर रोक लगा दी गई है।
सरकार लोकसभा में नया परिसीमन विधेयक पेश करने जा रही है जिसमें महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभावी बनाने के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रविधान है।
इसमें यह भी प्रविधान है कि महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें रोटेशन के आधार पर आवंटित की जाएंगी और इसका तरीका परिसीमन आयोग निर्धारित करेगा।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अनुसार, परिसीमन विधेयक, 2026 की जगह परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 लाया जाना है। नए विधेयक का शीर्षक संशोधित किया गया है।
साथ ही इसमें कानून लागू होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा जल्द परिसीमन आयोग गठित करने का प्रविधान किया गया है। पहले इसमें आयोग को समय-समय पर गठित करने का प्रविधान था।
जनसंख्या शब्द की परिभाषा हटा दी गई है और ‘नवीनतम जनगणना के आंकड़ों’ को प्रस्तावित कानून लागू होने की तिथि तक प्रकाशित नवीनतम जनगणना आंकड़ों के रूप में परिभाषित किया गया है।
आयोग के कर्तव्यों में बदलाव किया गया है। इसके अनुसार लोकसभा में सीटों के आवंटन और विधानसभाओं में सीटों की कुल संख्या का पुनर्समायोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों का गठन नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा।
