Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

विवाह की अवैधता से संतान के कानूनी अधिकार नहीं छीने जा सकते

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) की इलाहाबाद बेंच ने उत्तर मध्य रेलवे के हेल्पर सुमित यादव की सेवा समाप्ति का आदेश रद कर दिया है। न्यायिक सदस्य रजनीश कुमार राय और प्रशासनिक सदस्य मंजू पांडेय की खंडपीठ ने वाद स्वीकार करते हुए सुमित को सेवा में बहाली का हकदार माना। सर्वोच्च न्यायालय के रामेश्वरी देवी मामले का हवाला देते हुए खंडपीठ ने कहा, माता-पिता के विवाह की कथित अवैधता से संतान के कानूनी अधिकार नहीं छीने जा सकते।

याची के अधिवक्ता की दलील 

याची के अधिवक्ता धर्मेंद्र तिवारी का कहना था कि सुमित को लार्सजेस योजना के तहत पिता सचेंद्र सिंह की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद पहली जनवरी 2017 से टूंडला में हेल्पर नियुक्त किया गया था। बाद में कुसमा देवी और उनके पुत्र राजीव यादव ने शिकायत की कि सुमित, सचेंद्र सिंह के बेटे नहीं बल्कि भतीजे हैं। रेलवे ने जांच के बाद फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस 22 जून 2018 को मिला और जवाब के लिए 14 दिन दिए गए। सुमित ने तीन जुलाई को जवाब दे दिया, फिर भी पांच जुलाई के बर्खास्तगी आदेश में कहा गया कि कोई जवाब नहीं मिला।

इसे गंभीर प्रक्रियागत खामी माना

अधिकरण ने इसे गंभीर प्रक्रियागत खामी माना। पीठ ने कहा कि शैक्षिक प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, पैन और आधार जैसे दस्तावेजों में पिता का नाम सचेंद्र सिंह दर्ज है। रेलवे इन्हें फर्जी साबित करने वाली ठोस सामग्री पेश नहीं कर सका। भरण-पोषण मामले में सचेंद्र सिंह द्वारा कुसमा देवी को पत्नी और राजीव को पुत्र स्वीकार करना अकेले सुमित का दावा खारिज करने का आधार नहीं हो सकता।

सुमित को नियमानुसार परिणामी लाभ मिलेंगे

आदेश के अनुसार सुमित को नियमानुसार परिणामी लाभ मिलेंगे, लेकिन बीच की अवधि का बकाया वेतन नहीं मिलेगा। रेलवे चाहे तो आरोपों से जुड़ी सामग्री देकर जवाब पर विचार करके और सुनवाई का प्रभावी अवसर देकर नए सिरे से कार्रवाई कर सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad