17 साल का वैवाहिक जीवन छोड़ा; तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
प्रयागराज (राजेश सिंह)। घूरपुर थाना क्षेत्र के कर्मा चौकी अंतर्गत पंवर सुक्खू का पूरा गांव में पति-पत्नी और प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां चार बच्चों की मां ने करीब 17 वर्ष का वैवाहिक जीवन छोड़कर अपने प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया है। महिला का प्रेम-प्रसंग किसी गैर व्यक्ति से नहीं, बल्कि उसके पति के ही दोस्त से चल रहा था। महिला और उसके प्रेमी ने कैमरे के सामने एक साथ रहने और नया जीवन शुरू करने का ऐलान किया है।
जानकारी के अनुसार, सुक्खू का पूरा निवासी राजू की पत्नी निर्मला का कौंधियारा थाना क्षेत्र के बारी बजहिया निवासी पप्पू के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि पप्पू महिला के पति का दोस्त है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद अब महिला ने अपने पति और चार बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने का निर्णय लिया है।
निर्मला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और आए दिन घर से निकालने के साथ धमकी भी देता था। महिला के मुताबिक, इसी घरेलू विवाद के बीच उसका पति के दोस्त पप्पू से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध गहरे होते चले गए और अब उसने प्रेमी के साथ रहने का फैसला कर लिया है।
महिला का आरोप है कि उसका पति उसे कर्मा चौकी ले गया था, जहां उस पर प्रेमी के खिलाफ बयान देने का दबाव बनाया गया। जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो पति उसे कर्मा बाजार में छोड़कर चला गया। इसके बाद पति के कुछ रिश्तेदार उसे प्रेमी के घर के पास छोड़ गए, जहां से वह प्रेमी के घर पहुंचकर रहने लगी।
वहीं, निर्मला और उसके प्रेमी पप्पू ने कैमरे के सामने स्पष्ट रूप से कहा कि वे दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एक तरफ 17 वर्ष के वैवाहिक जीवन और चार बच्चों का भविष्य चर्चा में है, तो दूसरी तरफ महिला के लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोप भी गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
