मेजा के दो स्कूलों में चला स्वगणना जागरूकता अभियान
मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा स्वगणना के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से बीएनटी इंटर कॉलेज मेजारोड एवं राष्ट्रीय शिक्षा निकेतन लखनपुर में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वगणना की प्रक्रिया, इसके उद्देश्य और जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तहसीलदार मेजा अभिषेक तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी मेजा यशवंत कुमार एवं जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर शरद कन्नौजिया उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि तहसीलदार अभिषेक तिवारी ने कहा कि जनगणना की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। स्वतंत्र भारत में यह आठवीं जनगणना है। इस बार की जनगणना कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण है, क्योंकि पहली बार इसमें ऑनलाइन डाटा संकलन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से क्षेत्र की जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और आवश्यकताओं का आकलन किया जाता है। इससे अस्पताल, विद्यालय तथा अन्य जनसुविधाओं के विकास एवं संसाधनों के उचित वितरण की योजना बनाने में सहायता मिलती है।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं तथा प्राप्त एसईआईडी नंबर को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। ऐसे में पहले से स्वगणना कर लेने से नागरिकों का समय बचेगा और वे अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत कुमार ने कहा कि जनगणना जागरूकता अभियान में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे स्वयं स्वगणना करें और अपने विद्यालय के रसोइयों, अभिभावकों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं, इसलिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर शरद कन्नौजिया ने छात्र-छात्राओं को स्वगणना की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने, आवश्यक विवरण भरने तथा एसईआईडी नंबर सुरक्षित रखने के संबंध में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य दीपक पांडे, शिक्षक संघ अध्यक्ष मनीष तिवारी, प्रधान संदीप तिवारी, हसीब सिद्दीकी, अनुराग सिंह, अनिल द्विवेदी, मनोज कुमार, राजेश सिंह, अजय भारतीय, अजीत सिंह, बीके मिश्र सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों का स्वागत राजू तिवारी ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन उपप्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं प्रगणक मौजूद रहे।

