यात्रियों में भारी रोष
माण्डा, प्रयागराज (शशिभूषण द्विवेदी)। मेजा तहसील क्षेत्र के मांडा विकास खंड के डेंगुरपुर धनतुलसी गंगा घाट पर स्टीमर चालकों द्वारा यात्रियों से की जा रही अवैध किराया वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होते ही घाट पर हो रही मनमानी और विभागीय लापरवाही की पोल खुलकर सामने आ गई है, हालांकि हिंदुस्तान अख़बार ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
प्रदेश सरकार ने गंगा घाट पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्टीमर यात्रा को पूरी तरह से निःशुल्क कर रखा है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी यात्री से स्टीमर यात्रा के नाम पर कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इसके बावजूद मांडा के डेंगुरपुर गंगा घाट पर स्टीमर संचालक सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए यात्रियों से खुलेआम मनमाना किराया वसूल रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्टीमर पर चढ़ने से पहले ही यात्रियों से पैसा मांगा जा रहा है। पैसा न देने पर यात्रियों को स्टीमर में बैठने नहीं दिया जा रहा है। कुछ यात्रियों ने जब इसका विरोध किया, तो चालकों व ठेकेदार ने उनके साथ अभद्रता भी की। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा और भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वसूली एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रही है। हर दिन सैकड़ों यात्री इस घाट से आते-जाते हैं और सभी से 20 से 50 रुपये तक वसूले जाते हैं। सुबह से शाम तक चलने वाली इस अवैध वसूली से स्टीमर संचालक मोटी रकम कमा रहे हैं। गंगा घाट पर पांटून पुल का निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण लोगों को स्टीमर और नावों का ही सहारा लेना पड़ रहा है। पुल न बनने से मेजा मांडा क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए इसी घाट का उपयोग करना पड़ता है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर स्टीमर चालक यात्रियों को लूट रहे हैं।
छात्र, किसान, मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और मरीज रोजाना इस घाट से गुजरते हैं। परीक्षा देने जा रहे छात्रों से लेकर अस्पताल जा रहे मरीजों तक को किराया देना पड़ रहा है। गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बन गया है। घाट पर अवैध वसूली को लेकर स्थानीय यात्रियों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को सब कुछ पता होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही स्टीमर संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं। यात्रियों ने मांग की है कि घाट पर तत्काल जांच टीम भेजी जाए, वायरल वीडियो की जांच कर दोषी स्टीमर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनका लाइसेंस निरस्त किया जाए। साथ ही घाट पर सरकार के निःशुल्क यात्रा वाले आदेश का बोर्ड लगाया जाए, ताकि यात्रियों को जानकारी रहे और कोई उनसे पैसा न मांग सके। मामले में पीडब्ल्यूडी सी टू के अधीक्षण अभियंता शशि कांत यादव ने बताया कि स्टीमर यात्रा पूरी तरह निःशुल्क है। वायरल वीडियो की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जायेगी।
