प्रयागराज (राजेश सिंह)। विश्वकर्मा समाज, प्रयागराज द्वारा नवनियुक्त एवं प्रतिष्ठित पदों पर आसीन समाज के व्यक्तित्वों का स्वागत एवं सम्मान करने की गौरवशाली परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देर शाम शनिवार को होटल अजय इंटरनेशनल, सिविल लाइंस, प्रयागराज में डॉ. सुमित विश्वकर्मा, सीनियर डीएमओ, केंद्रीय अस्पताल, उत्तर मध्य रेलवे के सम्मान में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं सामाजिक बंधुओं ने डॉ. सुमित विश्वकर्मा का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान सामाजिक एकता एवं समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. सुमित विश्वकर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने तथा सामाजिक एकजुटता, समरसता एवं भाईचारे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, कमला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का सम्मान करना न केवल गौरव की बात है, बल्कि इससे आने वाली पीढ़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के आयोजक अरविंद कुमार शर्मा, अधिवक्ता, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश शर्मा, आरपीएफ, नई दिल्ली एवं राम मूरत विश्वकर्मा, केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा किया गया।
इस अवसर पर लालजी शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, कौशांबी, मैकू लाल विश्वकर्मा, विश्वकर्मा इंटीरियर सॉल्यूशन, पंकज विश्वकर्मा, मार्केटिंग इंस्पेक्टर, संजीव विश्वकर्मा, सीजीएसटी इंस्पेक्टर, हिमांशु विश्वकर्मा, मनीष विश्वकर्मा, सहायक लेखाधिकारी, विवेक विश्वकर्मा, युवा समाजसेवी आकाश विश्वकर्मा एवं वरिष्ठ समाजसेवी दूधनाथ विश्वकर्मा, सुनील सरोज, राजकुमार पांचाल तथा सत्येंद्र विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।
