मेजा, प्रयागराज (विमल पाण्डेय)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करने नायब तहसीलदार नंदलाल विभिन्न बूथों पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई बीएलओ मौके से गायब मिले। इससे नायब तहसीलदार ने नाराजगी जताई और गायब बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
नायब तहसीलदार नंदलाल ने एक-एक बूथ पर जाकर बीएलओ के कार्यों की जांच की। उन्होंने देखा कि किस बीएलओ ने कितने फॉर्म भरे हैं, कितने मतदाताओं का सत्यापन किया है और कितना काम अभी बाकी है। कई बूथों पर काम की गति काफी धीमी मिली। कुछ बीएलओ ने अभी तक आधा काम भी पूरा नहीं किया था।
निरीक्षण के दौरान कई बीएलओ अनुपस्थित पाए गए। पूछने पर पता चला कि वे बिना सूचना दिए ही गायब हैं। नायब तहसीलदार ने कहा कि यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदाता सूची का काम सबसे महत्वपूर्ण है। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी बीएलओ को समय पर बूथ पर उपस्थित रहकर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
नायब तहसीलदार ने उपस्थित बीएलओ को निर्देश दिया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें। कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए। मृतक, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएं। नए मतदाताओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।
उन्होंने ग्रामीणों से भी बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि कई बीएलओ उनके घर तक पहुंचे ही नहीं हैं। इस पर नायब तहसीलदार ने बीएलओ को फटकार लगाई और दोबारा घर-घर जाकर सत्यापन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए। अगर किसी भी बूथ पर गड़बड़ी मिली तो संबंधित बीएलओ जिम्मेदार होगा। निरीक्षण के दौरान लेखपाल और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
