मौसम ने बदली चाल, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
मेजा, प्रयागराज (राजेश शुक्ला)। शुक्रवार सुबह से ही आसमान से आग बरसाने लगी तो दोपहर 11 बजे तक पारा 41 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। बदन को झुलसाने वाली धूप से लोग बचते देखें गये तो वहीं सड़क पर निकलने वालों की संख्या में कमी दिखाई दी।
मौसम का बदलता तेवर सभी पूर्वानुमानों को ध्वस्त कर रहा है। अभी तक तो कुछ ही दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं मिलने की बात कही है। अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू सकता है। जो स्थितियां नजर आ रही हैं, उससे साफ बारिश की उम्मीद भी धूमिल हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो अधिकतम तापमान में लगातार होने वाली वृद्धि लोगों को परेशानी में डालेगी।
शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। आज शनिवार को भी तापमान इसी के आसपास रहने की उम्मीद है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 14 डिग्री का अंतर दिन को बेहद गर्म को रात को कुछ राहत देने वाला बना रहा है।
वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि 15 मई के बाद मौसम में बदलाव आ सकता है। बारिश और तेज हवा तापमान को कम करेगी।
अप्रैल से ही शहर भीषण गर्मी की चपेट में है। कई बार बारिश की संभावना बनी लेकिन हुई नहीं। बादलों को देखने के लिए भी लोग तरस गए। उम्मीद थी कि मई के पहले सप्ताह में बारिश की बूंदे गिर सकती हैं पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। पिछले कई दिनों से पारा 40 डिग्री के नीचे ही था पर 6 मई को यह 40 डिग्री सेल्सियस को पार करता हुआ 41 डिग्री पहुंच गया।