प्रयागराज (राजेश सिंह)। कोरांव थाना क्षेत्र जादीपुर गांव में बंद कमरे में एक बुजुर्ग महिला की अधजली लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सुचना पर पंहुची इलाकाई पुलिस छानबीन कर रही है। परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरांव के जादीपुर गांव स्थित एक मकान के बंद कमरे में लाश मिलने से खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि महिला का कुछ हिस्सा जला हुआ था। पुलिस छानबीन तो कर रही है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण साफ हो सकेगा।
कोरांव थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव की 62 वर्षीय गुलाब कली पत्नी मीरू का जादीपुर गांव में भी एक घर है। करीब पांच दिन पहले वह जादीपुर गांव आई थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों को मकान के भीतर से दुर्गंध आई तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। घर में बाहर से ताला बंद था। थोड़ी देर में कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुई तो वहां महिला की लाश देख हतप्रभ रह गई। धीरे-धीरे गांव वाले भी जुटने लगे। फोरेंसिक विभाग की भी टीम पहुंची और जांच-पड़ताल कर रही है।
फिलहाल ऐसा कोई क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा जिससे जांच की दिशा स्पष्ट हो सके। पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर मात्र पेटिकोट ही था। कुछ दिन पहले उसका बेटा घर पर आया था और मकान में ताला लगा देख वापस चला गया था। महिला का शव मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा भी हो रही है। गांव के लोगों ने महिला के कत्ल की आशंका जताई है। इस संबंध में एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।